बकेवर:- बकेवर व लखना के बाजारों में होली से पहले रौनक बढ़ गई है। हालांकि, दुकानदारों का कहना है कि इस बार अभी तक अपेक्षित बिक्री नहीं हो रही है। रंगों के त्योहार के लिए गुलाल, पिचकारी और अन्य सामानों की दुकानें सज चुकी हैं। मिठाई की दुकानों पर पारंपरिक गुजिया तैयार हैं, जिनमें मावा और मेवा भरी स्पेशल गुजिया ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, नमकीन,रंग बिरंगी कचरी और पापड़ जैसे अन्य पकवानों की बिक्री में भी तेजी देखी जा रही है। महिलाएं घरों में चिप्स, पापड़ और गुजिया बनाने के लिए आवश्यक सामग्री खरीद रही हैं।
कुछ दुकानदारों ने बताया कि बाजार में अभी तक वैसी भीड़ नहीं है जैसी आमतौर पर होली से पहले होती है। बकेवर की चौराहे पर दुकान किये प्रीती पोरबाल के अनुसार रंगों व गुलालों की पिछले वर्षों की तुलना में इस बार रंगों की मांग कम है। दुकानदारों को उम्मीद है कि होली नजदीक आने पर बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी। कपड़ों, सजावटी सामान और जूते-चप्पलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है। त्योहार की दस्तक के साथ ही पूरे जिले में रंगोत्सव का उल्लास दिखाई दे रहा है और बाजार पूरी तरह से होलीमय हो चुके हैं।
