भरथना- थाना क्षेत्र के मण्डी तिराहे पर पिछले कई वर्षों से फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे 55 वर्षीय प्रेमबाबू उर्फ राजू की सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह जैसे ही उनका शव भरथना स्थित आवास पर पहुंचा, पूरे मुहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक 18 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे प्रेमबाबू गिरधारीपुरा स्थित मण्डी तिराहे पर रोज की तरह फल का ठेला लगाए हुए थे। अचानक वहां घूम रहे एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार टक्कर मारी, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह सांड को वहां से भगाया और गंभीर हालत में प्रेमबाबू को तुरंत इटावा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए कानपुर के एक बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कानपुर के अस्पताल में कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन आठवें दिन हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह जब एंबुलेंस से शव उनके घर पहुंचा, तो पत्नी ममता, बड़ी बेटी संध्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सभी परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे। आसपास के लोग और रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और परिवार को ढांढस बंधाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी ममता, चार पुत्र और दो पुत्रियां को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक शिवप्रसाद यादव, पालिकाध्यक्ष के पुत्र सार्थक यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह बंटू गौर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाकर आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।
