प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर सदैव दलित, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए प्रयत्नशील रहे और आजीवन उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे।
पूर्व जिला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का सादा जीवन, सरल स्वभाव, स्पष्ट विचार और अदम्य इच्छाशक्ति लोगों को सहज ही प्रभावित कर लेती थी। उनके विराट व्यक्तित्व के प्रति समाज के हर वर्ग में विशेष सम्मान और आकर्षण था।
जिला प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर उन महान व्यक्तित्वों में से थे, जिन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाने और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी।
संगोष्ठी को पीसीसी सदस्य कोमल सिंह कुशवाहा एवं सरवर अली सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
