जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ताखा ब्लॉक के ऊसराहार में पूर्व मंडल अध्यक्ष राहुल राज वर्मा की पूज्य माता की स्मृति में एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरएसएस विभाग प्रचारक यशवीर के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता एवं विभाग प्रचारक यशवीर ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि सेवा, समर्पण और संवेदना भारतीय संस्कृति की मूल भावना है, और ऐसे कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्गों के लिए सहारा बनते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस नेक पहल की सराहना की।


