उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई ने एक बार फिर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 55 वर्षीय महिला के मूत्राशय कैंसर का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। लगभग छह घंटे चली इस सर्जरी के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
इस सर्जरी में रैडिकल सिस्टेक्टॉमी, हिस्टरेक्टॉमी एवं Ileal Conduit का निर्माण शामिल था। यह ऑपरेशन प्रो. मुबाशिर अली खान, डॉ. अंकित सचान, डॉ. जिगरदीप सिंह, डॉ. नितीश देव तथा एनेस्थीसिया टीम के डॉ. प्रशांत मिश्रा और डॉ. हिमांशु यादव द्वारा किया गया।
माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने चिकित्सा दल को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रदेश के मरीजों को ऐसे जटिल ऑपरेशनों के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं है—उन्नत चिकित्सा सुविधाएं अब सैफई में ही उपलब्ध हैं।
यह सफलता न केवल यूपीयूएमएस के चिकित्सा कौशल का प्रमाण है, बल्कि प्रदेश के मरीजों के लिए नई उम्मीद और भरोसे का प्रतीक भी है।
