छत्रपति शाहूजी महाराज कानपुर विश्वविद्यालय के सौजन्य से के.के. पी.जी. कॉलेज में दो दिवसीय नेशनल सेमिनार “रिसेंट एडवांस इन मैटेरियल साइंस एंड नैनो टेक्नोलॉजी” विषय पर आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण सेमिनार में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया।

कॉलेज के प्राचार्य महेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि टेक्निकल सेशन के दौरान कुल 175 शोध सारांश प्राप्त हुए, जिन्हें संकलित किया गया है। साथ ही, 150 शोध पत्रों की प्रस्तुति भी हुई। यह इटावा में पहली बार हुआ है कि मैटेरियल साइंस और नैनोटेक्नोलॉजी पर इस तरह का राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार आयोजित किया गया। इस आयोजन से छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का शोध एवं तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिला।

सेमिनार में अहमदाबाद, गुजरात स्थित फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. सोम कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में मैटेरियल साइंस और नैनो टेक्नोलॉजी का अत्यधिक महत्व है। आज की तकनीकी दुनिया में हर उपकरण और वस्तु की गुणवत्ता को निर्धारित करने में इस क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण है।उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि चाहे वह मोबाइल की चिप हो, गाड़ियों में उपयोग होने वाला मैटेरियल हो, या अन्य कोई वस्तु—सभी में मैटेरियल साइंस और नैनो टेक्नोलॉजी का प्रयोग होता है। इनके बिना आधुनिक तकनीकी विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों और शोधकर्ताओं ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। सेमिनार में उपस्थित शिक्षकों और छात्रों ने उन्नत तकनीकों पर चर्चा की और नवीन शोध विषयों पर विचार साझा किए।
