क्षेत्र के गांव खिरिया में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। 69 वर्षीय किसान सहदेव सिंह को खेत में काम करने के दौरान सांप ने डस लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सहदेव सिंह मंगलवार रात अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। जब परिजनों को इसकी सूचना मिली तो वे उन्हें तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सहदेव सिंह की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रशासन से क्षेत्र में सांप के खतरे को कम करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर थाना उपनिरीक्षक सुमेश चंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। गर्मी और बरसात के मौसम में सांप के काटने की घटनाएँ बढ़ जाती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। डॉक्टरों का कहना है कि सांप के काटने के बाद बिना देर किए अस्पताल ले जाना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

