इटावा, 29 जनवरी 2025: मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में हुई भगदड़ की घटना के बाद इटावा रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज जाने वाली छह ट्रेनों को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है।
प्रयागराज में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मुरी, नीलांचल, महानंदा, जोधपुर-हावड़ा और नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के साथ कानपुर से टूंडला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। प्रशासन का मानना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इटावा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने 2 फरवरी को प्रयागराज कुंभ से लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माणाधीन पार्किंग में विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और यात्रियों को सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष इंतजाम करने में जुटा है।
