उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने बुधवार को भरथना तहसील का दौरा कर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।
अनीता गुप्ता ने आशियाना बालिका इंटर कॉलेज का दौरा कर छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से छात्राओं की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा के लिए विशेष प्रावधान करने की अपील की।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला रोगियों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति देखी। अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी प्रकार की कमी न होने दी जाए।
भरथना तहसील सभागार में आयोजित विशेष बैठक में उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरे के दौरान अनीता गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

