इटावा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री जगत जननी उमा समिति और श्री भोले शंकर शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में खिचड़ी भोज एवं कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा नेता कृष्ण मुरारी गुप्ता के सिविल लाइन, ईदगाह स्थित आवास पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में इटावा सदर की लोकप्रिय विधायक सरिता भदौरिया, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य और पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया ने हिस्सा लिया। इन नेताओं ने मिलकर एक सैकड़ा से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और सैकड़ों लोगों को खिचड़ी भोज कराया।

इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कार्यक्रम संयोजक और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित ओम प्रकाश गुप्ता को बधाई देते हुए कहा, “बाबूजी पिछले 20 वर्षों से गरीब, बेसहारा, विकलांगों, वृद्धों और विधवा महिलाओं को कंबल वितरित कर रहे हैं। उनके द्वारा ऐसे जरूरतमंदों की मदद करना, जिन्हें सरकार भी नहीं ढूंढ पाती, बेहद सराहनीय है।” विधायक ने भाजपा नेता कृष्ण मुरारी गुप्ता की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि वे समाज सेवा और गरीबों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने खिचड़ी भोज के आयोजन को पुण्य का कार्य बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के कमजोर वर्ग को संबल प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में शहर के प्रमुख व्यवसायी और गणमान्य लोग, जिनमें राजीव अग्रवाल, कपिल गुप्ता, डॉक्टर एस.सी. गुप्ता, अनंत अग्रवाल, सीए संजीव अग्रवाल, प्रोफेसर आर.के. अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल एडवोकेट, सर्वेश चौहान, राजेश गुप्ता, राजीव वर्मा, विक्रम अग्रवाल, हैप्पी जैन, विवेक रंजन गुप्ता, पंकज गुप्ता, हरि नारायण बाजपेई और विकास भदोरिया शामिल रहे, ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
