शहर के प्रसिद्ध कंपनी गार्डन में टहलने के लिए रखी गई पांच रुपये की प्रवेश फीस पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग गार्डन पहुंचे और जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) का घेराव कर दिया। लोगों ने इस वसूली को गलत ठहराते हुए इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की।
कंपनी गार्डन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्वच्छ हवा का आनंद लेने और टहलने आते हैं। 1 जनवरी से गार्डन में प्रवेश के लिए पांच रुपये की फीस रखी गई थी, साथ ही बाइक स्टैंड से 10-10 रुपये भी वसूले जा रहे थे। इस शुल्क की व्यवस्था से टहलने आने वाले लोगों में गहरी नाराजगी फैल गई थी। शनिवार को इसका विरोध तेज हो गया, जिससे हंगामा मच गया।
हंगामे की जानकारी मिलने पर जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह सुबह छह बजे ही मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि वह इस मुद्दे को शासन के समक्ष रखेंगे और सुबह नौ बजे तक कोई समाधान निकालने का आश्वासन दिया। लोगों ने कहा कि कंपनी गार्डन एक सार्वजनिक स्थल है, और वहां से शुल्क वसूली करना अनुचित है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की अपील की है।
