इटावा। राज्य कर कार्यालय के कर्मचारियों के लिए हाल ही में एक अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कबर बिज्जू (मुर्दाखोर पाम सिवेट) ने कार्यालय की बिल्डिंग को अपना आशियाना बना लिया। यह कबर बिज्जू कार्यालय की पत्रावलियों को खुर्द-बुर्द कर रहे थे और ठंड से बचने के लिए कार्यालय के कमरों में आकर बस गए थे।
शहर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के नुमाइश चौराहे के पास स्थित राज्य कर कार्यालय की एक बिल्डिंग के कमरे में कर्मचारियों ने एक साथ चार से पांच कबर बिज्जू देखे। ये जानवर कार्यालय के कागजातों को नुकसान पहुंचा रहे थे, जिससे कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल बन गया।
हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने एक कबर बिज्जू को कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया और उसे उसके प्राकृत वास में छोड़ दिया। लेकिन, बाकी के कबर बिज्जू पकड़ में नहीं आ सके, जिससे कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अब राज्य कर कार्यालय के अधिकारी इस स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि इन जानवरों से और नुकसान न हो। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड से बचने के लिए कबर बिज्जू ऐसे स्थानों में शरण लेते हैं, और इस मामले में अब भी पूरी बिल्डिंग में इन जानवरों के फिर से घुसने की संभावना बनी हुई है।
