सैफई के ट्रॉमा सेंटर में गुरुवार को एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों को करीब नौ घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर दो बजे से लेकर रात 11 बजे तक एक्सरे के लिए मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ा।
आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इस ट्रॉमा सेंटर में 2016 में 800 एमएम की एक्सरे मशीन लगवाई गई थी। लगभग आठ साल हो जाने के कारण अब मशीन खराब होने लगी है। गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे मशीन खराब हो गई। इस पर वैकल्पिक रूप से 100 एमएम की पोर्टेबल मशीन से व्यवस्था को सुचारू रखने का प्रयास किया गया।
रात लगभग आठ बजे मरीजों की संख्या बढ़ने से व्यवस्था बिगड़ने लगी। लगभग तीन घंटे के बीच आए दो सौ मरीजों में से 40 ने एक्सरे करवाया। बाकी मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। एक्सरे न करवा पाने से मरीजों में काफी रोष देखा गया। मरीजों का कहना है कि उन्हें काफी परेशानी हुई। कई मरीजों को निजी क्लीनिक में जाकर एक्सरे करवाना पड़ा।