Tuesday, July 8, 2025

22 को सैफई में मनेगी नेताजी की जयंती खराब पिच के कारण इंडिया मैच हारी–अखिलेश यादव

Share This

सैफई इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज सैफई इटावा में ‘‘समाजवादी पीडीए साइकिल यात्रा‘‘ का समापन किया। यह साईकिल यात्रा 40 जिलों से होकर 208 दिनों में 8500 किलोमीटर की दूरी तय की है तथा 202 विधानसभाओं व 42 लोकसभा क्षेत्रों से होकर आई है जिसका आज सैफई में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा समापन किया गया है।

समापन के अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में साइकिल वालों की जीत होगी। पीडीए ही लोकसभा चुनाव में एनडीए को हराएगा। उन्होंने साइकिल यात्रा करके आये नौजवानों को बधाई देते हुए कहा कि नौजवान आगे के संघर्ष के लिए तैयार रहें। देश की राजनीति जिस दिशा में जा रही है, उसमें आने वाले समय में समाजवादियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के बाद देश में अलग तरह का और बड़ा परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पीडीए यात्रा ने बड़ा संदेश देने का काम किया। यही पीडीए भाजपा और एनडीए का मुकाबला करेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की ताकत देखकर अब कई दल जातीय जनगणना का समर्थन कर रहे हैं। जिन दलों ने पहले जातीय जनगणना रोकी थी। जिन्होंने जातीय जनगणना नहीं होने दिया। वे भी जातीय जनगणना के पक्ष में आ गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी लोग लम्बे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे है। सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना जरूरी है। जातीय जनगणना होगी तभी सभी जातीयों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान मिलेगा। समाजवादी पार्टी जब सत्ता में आयेगी तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। आज भी समाजवादियों के ही काम दिखाई दे रहे हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, डायल 100 बड़े-बड़े अस्पताल, 1090वूमेन पावर डायल सेवा, इकॉना क्रिकेट स्टेडियम, मेट्रो रेल समेत तमाम बड़े-बड़े काम समाजवादी सरकार में हुए। प्रदेश की जनता को आज जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी सरकार में बने पावर प्लांटो से मिल रही है। भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि 22 नवम्बर को नेताजी की जयंती है। हम सभी लोग नेता जी की जयंती मनाएंगे। आज साइकिल यात्रा यहां पहुंची है। यह बहुत अच्छी बात है कि जहां से हमें साइकिल मिली, जहां से नेताजी ने समाजवादियों को जगाया। सैफई से लेकर पूरे देश को जगाने का काम किया। सैफई के जरिए देश में उदाहरण दिया कि गांव आर्थिक और सामाजिक रूप से सम्पन्न होगा तो खुशहाली आएगी। नेताजी ने जीवन भर संघर्ष करके समाजवादियों को नई पहचान दी।

सपा अध्यक्ष ने टीम इंडिया के मैच हारने को लेकर कहा यह मैच गुजरात की जगह लखनऊ में हुआ होता तो टीम इंडिया नहीं हारती लखनऊ में भगवान विष्णु और अटल जी आशीर्वाद देते क्योंकि इकाना स्टेडियम भगवान विष्णु के नाम से था और अब अटल बिहारी वाजपेई रख दिया गया है। दोनों का आशीर्वाद प्राप्त होता। बताया गया वहां की पिच भी खराब थी ।


इस अवसर पर सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बेईमान है। यह सरकार न कानून मानती है न संविधान मानती है। इसे हटाना है। नौजवानों के अंगड़ाई लेने से परिवर्तन आयेगा। इस समय समाजवादियों का मुकाबला झूठे, बेईमान और भ्रष्टाचारियों से है। इस सरकार में जनप्रतिनिधियों का कोई सम्मान नहीं है। पूरी सरकार अधिकारियों के भरोसे चल रही है।

सपा महासचिव ने कहा कि पीडीए साइकिल यात्रा का आज समापन जरूर हो रहा है, लेकिन अब और मेहनत करनी है।

समाजवादी पीडीए साइकिल यात्रा में पार्टी के जुझारू नौजवानों और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 40 जिलों के 202 विधानसभाओं में होते हुए 42 लोकसभा क्षेत्रों में 208 दिनों में 8500 किलोमीटर की दूरी तय की है। नौजवानों ने प्रदेश की जनता के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को रखा।
समाजवादी सरकार में हुए विकास और निर्माण कार्यों की जानकारी जनता को दी और भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के बारे में जनता को बताया। पीडीए साइकिल यात्रा के दौरान साइकिल यात्रियों ने जातीय जनगणना के लिए लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव राष्ट्रीय महासचिव, मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिम्पल यादव, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव जिलापंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव अंशुल सहित पार्टी के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और हजारों साइकिल यात्री मौजूद रहे।

Share This
Desk Etawah Live
Desk Etawah Livehttps://etawahlive.com/
इटावा से जुडी ख़बर हमें भेंजें, Email - etawah.news@gmail.com, Mob :- 7017070200
अपनी खबर या कोई समस्या इटावा लाइव पर निशुल्क प्रकाशित करने हेतु हमें Whatsapp - 7017070200, Email – etawah.news@gmail.com पर जरुर भेंजें।

Read more

हमारा इटावा

शिक्षाविद

राजनीतिज्ञ

प्रशासनिक अधिकारी

प्रमुख संस्थान

चिकित्सक

चर्चित व्यक्तिव

पत्रकार

टॉप आर्टिकल्स