
खंड शिक्षा अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ संकुल शिक्षक नितिन चौबे ने 50 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं जूनियर स्तर के बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न खेलकूद स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, खो-खो और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया।
प्राथमिक स्तर की बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सरावा के आशीष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मामन के रितिक द्वितीय और नगरिया यादवान के कृष्णा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, 100 मीटर दौड़ में मामन के क्रश ने प्रथम, सरावा के मोहित ने द्वितीय और नगला मके के प्रशांत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मामन की मनीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगला मके की लक्ष्मी द्वितीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में सरावा के नीलेश ने प्रथम और मामन के ऋषि ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
जूनियर स्तर की 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में बांसियापुर के शिवम ने प्रथम और ककराही के हिमांशु ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में मामन की अन्नू प्रथम और बेलाहार की जानवी द्वितीय स्थान पर रहीं।
जूनियर स्तर की 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मामन के रवि ने प्रथम और ककराही के श्याम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में बेलाहार की सोनाक्षी प्रथम और रतहरी की राशि द्वितीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में नगरिया यादवान के कुलदीप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बेलाहार के आर्यन द्वितीय स्थान पर रहे। लंबी कूद प्रतियोगिता में विपिन और निशा ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ब्लॉक व्यायाम शिक्षक अवधेश सिंह राठौर ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता एवं उपविजेता रहे खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरुण कुमार, संदीप कुमार, जयनारायण, सुधीर शरण, अंकुर यादव और प्रदीप शर्मा ने विभिन्न स्पर्धाओं में निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अबरार अहमद, नूर आलम, हेमराज नागर, रणवीर सिंह, सत्य श्री, राकेश कुमार, राघवेंद्र प्रताप, कृष्ण मोहन तिवारी, अश्वनी कुमार, आदर्श भदौरिया, अनीता, प्रदीप शर्मा, अनुज समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
