भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- कृषि उत्पादन मण्डी समिति भरथना में धान की आवक शुरू होते ही मण्डी समिति से सम्बद्ध प्रमुख मार्गों पर आये दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाये जाने के लिए सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की तैनाती हेतु मण्डल अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन पत्र सौंपा।
उपजिलाधिकारी काव्या सी (आईएएस) को सौंपे गये ज्ञापन में भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रथम ओमप्रताप सिंह बण्टू गौर ने बताया कि वर्तमान में कृषि उत्पादन मण्डी समिति भरथना में धान की आवक शुरू हो चुकी है। जिसके चलते उक्त मार्ग पर धान के ट्रक, लोडर, ट्रैक्टर आदि की लम्बी-लम्बी कतारें लग जाती है। जिससे घण्टों जाम की गम्भीर समस्या बनी रहती है। इस जाम में स्कूली वाहन, एम्बुलेंस आदि भी घण्टों फंसी रहती है। चूंकि उक्त मार्ग पर किसी भी चौराहा/तिराहा पर यातायात कर्मी की कोई तैनाती नहीं रहती है। जिससे वाहन स्वामी अपने मनमाने तरीके से आडे-तिरछे वाहन जल्दवाजी के चक्कर में लगा लेते हैं। जो पूरे-पूरे दिन गम्भीर समस्या उत्पन्न करते हैं। जिससे व्यापारियों सहित मरीजों, छात्रों को बेहद परेशानी होती है। साथ ही उक्त मार्ग पर लोडिंग ट्रक खडे रहते हैं, जिसके कारण यह समस्या और अधिक विकराल रूप धारण कर लेती है। मण्डी के अन्दर किसानों की फसल आवक का प्रवेश सांय 06ः30 बजे तक किया जाये तथा लोडिंग का प्रवेश 06ः30 बजे के बाद किया जाये। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मण्डी के प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस कर्मी की तैनाती करवाने की माँग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व मण्डल अध्यक्ष हरिओम दुबे, सभासद नेक्से पोरवाल, संजू पोरवाल, शिवेन्द्र कठेरिया आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
