बकेवर:- नगर लखना के नया नहर पुल पर एक वृद्ध महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते भोगनीपुर नहर में छलांग लगाई। वहां पर खड़े लोगों ने महिला को नहर में कूदते देखकर आनन फानन में कूदकर बाहर निकालकर लखना चौकी पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने लोगों की मदद से बकेवर 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया जहां से हालत गम्भीर होने पर जिला अस्पताल रिफर किया गया।
इस सम्बंध में बताया जाता है कि नगर लखना के मुहाल खेड़ा निवासी सरोज देवी पत्नी रामसेवक जो कि गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे घर में पति व पुत्र व पुत्रबधू के मध्य चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण क्षुब्ध होकर आत्महत्या के उद्देश्य से भोगनीपुर नहर नया पुल पर पहुंचकर नहर में छलांग लगा दी। वृद्ध महिला को नहर में कूदता देख वहां खड़ा एक युवक भी कूद गया और डूबती महिला को बाहर निकाला ।
जिसकी सूचना लखना पुलिस चौकी पर दी तो वहां से सिपाही पंकज कुमार व राजकुमार ने पहुंचकर कूदी महिला की हालत को देखते हुए ईरिक्शा से बकेवर 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया इसके बाद पति रामसेवक व पुत्रबधू भी पहुंच गयी। इन्होंने घरेलू विवाद का होना बताया। इसके बाद चिकित्सक डा रविन्द्र शाहू ने महिला का प्राथमिक उपचार करते हुए हालत गम्भीर होने पर जिला अस्पताल रिफर कर दिया। बकेवर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
