इटावा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और करियर के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को के.के. कॉलेज इटावा के सभागार में जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी योजनाओं और रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार, काउंसलर शीबा खान, काउंसलर दीपक कुमार सिंह, के.के. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह, चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज हेवरा के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र शर्मा तथा प्लेसमेंट प्रभारी आर.एस. यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में करियर का सही चयन युवाओं के भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का दौर है और युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की महत्ता बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार होगा, जब युवा वर्ग अपने कौशल, ज्ञान और मेहनत से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मनिर्भर बनने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता काउंसलर शीबा खान ने विद्यार्थियों को करियर के नए आयामों से परिचित कराया। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सकारात्मक योगदान देने की अपील की।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार से जुड़े काउंसलर दीपक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल और रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन पोर्टलों के माध्यम से युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, विभागीय रोजगार मेलों तथा विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की समय पर जानकारी प्राप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजगार तक पहुंच अब पहले की अपेक्षा अधिक आसान हो गई है।
चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज हेवरा के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को करियर चयन के वैज्ञानिक तरीकों, साक्षात्कार की तैयारी और आधुनिक रोजगार क्षेत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग, लॉजिस्टिक्स, डेटा एनालिसिस और अन्य उभरते क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय के साथ नई तकनीकों को अपनाना युवाओं के लिए आवश्यक हो गया है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
के.के. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने इस तरह के उपयोगी कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला सेवायोजन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति जागरूक बनाने और सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्लेसमेंट ऑफिसर आर.एस. यादव ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। सेमिनार में कॉलेज एवं विभाग के शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में रोजगार, कौशल विकास और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
