इटावा। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत इकदिल मंडल के कुनेरा शक्ति केंद्र स्थित बूथ संख्या 113 पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ‘अन्नू’ गुप्ता ने बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के सदस्यों के साथ संवाद करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव होता है और संगठन की मजबूती से ही जनसंपर्क तथा जनभागीदारी को व्यापक बनाया जा सकता है।
बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं, सदस्यता विस्तार, संगठनात्मक कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बूथ समिति के सदस्यों से क्षेत्र की समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
