उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई की सेंट्रल लाइब्रेरी में कार्यरत लाइब्रेरियन ग्रेड-II श्रीमती शंकरवती ने पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उनके उत्कृष्ट अकादमिक एवं शोध योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। शंकरवती ने “Information Seeking Behaviour of Doctors in a Medical University: A Case Study of Uttar Pradesh University of Medical Sciences” विषय पर शोध-लेख प्रस्तुत किया, जिसमें मेडिकल विश्वविद्यालय में कार्यरत चिकित्सकों के सूचना प्राप्त करने और उपयोग करने के व्यवहार का अध्ययन किया गया है। इस शोध को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अकादमिक योगदान माना जा रहा है।

उनकी इसी उत्कृष्ट कार्यशैली, शोध, नवाचार तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं डिजिटल लाइब्रेरी सेवाओं के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें प्रतिष्ठित “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम – प्राइड ऑफ इंडिया अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया है।
इस उपलब्धि पर यूपीयूएमएस के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने शंकरवती को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल शंकरवती की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
विश्वविद्यालय परिवार ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती शंकरवती की सफलता शोध, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी शिक्षाविदों एवं पुस्तकालय कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
