तहसील सैफई में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 22 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द से जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले भूमि एवं राजस्व संबंधी रहे। 
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारी के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाए और यदि किसी मामले में लापरवाही अथवा अनियमितता के लिए कोई व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि गांवों के भ्रमण के दौरान अपने-अपने विभाग से संबंधित सरकारी योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें और योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों से फीडबैक भी लें। इससे योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति सामने आ सकेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में देरी का कारण भी संबंधित अधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पुलिस से संबंधित प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता को लेकर शासन स्तर से शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई करें।
अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आईएएस कोमल पुनिया, उप जिलाधिकारी सैफई, तहसीलदार सैफई सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की।
