देश में एक बार फिर लॉकडाउन लगाए जाने की चर्चाओं पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पूर्ण विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भारत सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं।
शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने इन अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा, “भारत में लॉकडाउन की अफवाहें पूरी तरह से गलत हैं। मैं यह स्पष्ट कर दूं कि भारत सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को आगे न बढ़ाएं। पुरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है और इससे जनता के बीच अनावश्यक घबराहट (पैनिक) पैदा होती है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर लॉकडाउन को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई थीं, जिसके बाद सरकार की ओर से यह स्पष्टिकरण सामने आया है। इस बयान के बाद आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि देश में हालात सामान्य हैं और किसी तरह के सख्त प्रतिबंध लगाने की कोई जरूरत नहीं है।
