प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डॉ. राजकुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 18 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे नुमाइश पंडाल, इटावा में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए जनपद में संचालित समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने संस्थानों के पिछले पांच वर्षों में उत्तीर्ण तथा अंतिम वर्ष में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों को रोजगार मेले के संबंध में जानकारी दें।
साथ ही सभी पात्र प्रशिक्षार्थियों का विभागीय एकीकृत पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे रोजगार मेले में भाग लेकर विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रदान किए जाने वाले रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।
डॉ. राजकुमार सिंह ने कहा कि सभी संस्थान अपने प्रशिक्षार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, जिससे अधिक से अधिक युवा शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित इस रोजगार मेले से लाभान्वित होकर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
