नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतुआ धर्म मेले के सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। यह विशेष अवसर महान संत एवं समाज सुधारक हरिचंद ठाकुर की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हरिचंद ठाकुर जी को सादर प्रणाम करते हैं। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी अनेक लोगों को शक्ति और आशा प्रदान करती हैं। उन्होंने गरिमा, समानता और भक्ति के लिए एक सशक्त आंदोलन को जन्म दिया तथा पीढ़ियों को सत्य, सद्भाव और सामूहिक उत्थान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मतुआ संस्कृति की समृद्ध और जीवंत परंपराएं गहरी आध्यात्मिक शक्ति और समानता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। यह परंपरा देश के सामाजिक ताने-बाने को और अधिक समृद्ध बनाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक दशक से सरकार मतुआ समुदाय के कल्याण, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
