धनबाद। कोयला क्षेत्र की प्रमुख कंपनी Bharat Coking Coal Limited (बीसीसीएल) द्वारा आयोजित उपभोक्ता संवाद बैठक में कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक Manoj Kumar Agarwal ने उपभोक्ताओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल अपने सभी उपभोक्ताओं और हितधारकों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता युक्त कोयले की आपूर्ति, पारदर्शिता बनाए रखना और समय पर कोयला प्रेषण सुनिश्चित करना कंपनी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि कंपनी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं में लगातार सुधार करने के लिए कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी उपभोक्ताओं को सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक मंच कंपनी और उपभोक्ताओं के बीच समन्वय और विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बीसीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं, प्रावधानों और प्रोत्साहन पहलों की जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान बताया गया कि बिजली क्षेत्र के उपभोक्ताओं के अलावा कंपनी अपने उपभोक्ता आधार का विस्तार कर रही है और एनआरएस लिंकज तथा नीलामी उपभोक्ताओं को कोयला आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एनआरएस उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए एनआरएस लिंकज नीलामी के तहत बड़ी मात्रा में कोयला उपलब्ध कराया जा रहा है। हाल ही में आयोजित ट्रेंच-IX में विभिन्न क्षेत्रों के लिए लगभग 20 मिलियन टन कोयले की पेशकश की गई। इसके साथ ही इस बैठक में इस्पात क्षेत्र के उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
