होली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने की।

कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा होली के पर्व पर पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में कुल 1,61,000 उज्ज्वला कनेक्शन हैं, जिनमें से 1,21,000 लाभार्थियों द्वारा केवाईसी पूर्ण कराई जा चुकी है। केवाईसी कराने वाले लाभार्थियों को ही इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने आगे बताया कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को एक भरा हुआ सिलेंडर, चूल्हा, पाइप एवं रेगुलेटर उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को प्रत्येक वर्ष होली एवं दीपावली के अवसर पर दो सिलेंडर मुख्यमंत्री द्वारा उपहार स्वरूप प्रदान किए जाते हैं, ताकि योजना का लाभ जनपद के सभी पात्र परिवारों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा महिला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर एवं चेक का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सचिन यादव, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, नोडल अधिकारी अनुराग सिंह, एआरओ देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी नीलम यादव, प्रभारी पूर्ति निरीक्षक आरफा खानुम सहित उज्ज्वला योजना की अनेक महिला लाभार्थी उपस्थित रहीं।

