भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- स्वास्थ्य देखभाल का प्रतीक बने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के मुख्य द्वार के समीप पडा कूडा व कीचडयुक्त नाला देख उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने नगर पालिका प्रशासन पर कडी नाराजगी जाहिर की। अस्पताल के औचक निरीक्षण की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य कर्मियों में हडकम्प मच गया।
बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण करने पहुँची उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की ओपीडी, दवाई वितरण, पंजीकृत, स्टोर आदि कक्षों का निरीक्षण के साथ अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों के कक्ष में पहुंचकर जच्चा- बच्चाओं का हालचाल पूछा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म पर उसके स्वास्थ्य, शिक्षा और विवाह करने की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है। महिलाओं को जानकारी देते हुए बताया कि अब महिलाएं बेटियों को कोख में न मरने दें, बल्कि उनकी अच्छे से देखभाल करें। अगर अन्य कोई समस्या हो, तो महिलाएं अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए पुलिस को सूचित करें।
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती गुप्ता ने स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप जमा कूडा व कीचडयुक्त नाला देखकर नगर पालिका प्रशासन के प्रति कडी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भले ही अस्पताल से आम जनमानस को स्वास्थ्य लाभ मिले, किन्तु यहाँ फैली गन्दगी व्यक्ति को स्वस्थ नहीं होने देगी और उसे अनेकों बीमारियां सौंप देगी। उन्होंने अधीक्षक डा0 अमित दीक्षित को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्बन्धित अधिकारियों को पत्राचार कर जल्द से जल्द अस्पताल के आसपास फैली गन्दगी को साफ करवायें। निरीक्षण के दौरान अनुराधा जाटव, ऋचा मिश्रा, ममता कुशवाह, ममता गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष ओम प्रताप बण्टू गौर, अश्वनी त्रिपाठी, इमरान खान, शिवम गुप्ता आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।

