इटावा। विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य स्तरीय एक-दिवसीय शिविर में सुदिति ग्लोबल एकेडमी के कक्षा 10 के छात्र प्रखर गुप्ता ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 27 जिलों के 141 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पद्मश्री प्रोफेसर मनींद्र अग्रवाल, और यूपीयूएमएस के कुलपति प्रोफेसर पीके जैन ने छात्र प्रखर गुप्ता को मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. प्रभात कुमार सिंह, पूर्व कुलपति (चिकित्सा विश्वविद्यालय, सैफई), और विद्यालय की प्रधानाचार्य भावना सिंह भी मौजूद रहीं।
सुदिति ग्लोबल एकेडमी के पांच छात्रों का चयन विद्यार्थी विज्ञान मंथन (बीबीएम) में हुआ, जिसमें प्रखर गुप्ता ने अपनी शानदार उपलब्धि से पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने विज्ञान और नवाचार से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य भावना सिंह ने प्रखर की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी प्रखर से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रखर की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे इटावा जिले में खुशी की लहर है, और उन्हें शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
