तहसील सैफई में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) के अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और जनसमस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं।

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और न्यायसंगत प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही जिन मामलों में मौके पर जांच की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को अपनी शिकायतें सीधे उच्चाधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
