श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और चेहल्लुम को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों, संभ्रांत नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनपद की गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा को हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्गों का तत्काल भौतिक सत्यापन कर पैचवर्क एवं सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लटकती हुई बिजली की तारों की मरम्मत कराकर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों, प्रमुख शिवालयों तथा चेहल्लुम के जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका एवं पंचायती राज विभाग को शिवालयों और जुलूस मार्गों के आसपास नियमित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को एंबुलेंस, जीवन रक्षक दवाओं और चिकित्सकीय टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी आयोजन केवल निर्धारित पारंपरिक मार्गों और समय सीमा के अनुसार ही संपन्न होंगे। साथ ही आयोजकों और डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से सभी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
