भारतीय पूर्व सैनिक लीग के तत्वावधान में सोमवार को सैनिक कल्याण बोर्ड, स्टेशन बजरिया इटावा परिसर में सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हयातउल्ला के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लीग के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रघुराज सिंह ने की।

कमांडर हयातउल्ला ने जनपद इटावा में चार वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण करने के उपरांत सेवा निवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर भारतीय पूर्व सैनिक लीग इटावा के जिला अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों ने उन्हें संगठन का प्रतीक चिन्ह भेंट कर अंगवस्त्र ओढ़ाया तथा मालाओं से सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भावुक वातावरण में उनके योगदान को याद किया।
जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रघुराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कमांडर हयातउल्ला ने अपने कार्यकाल के दौरान पूर्व सैनिकों की समस्याओं और मांगों को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया और उनके निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में शहीद स्तंभ का निर्माण कराना रहा, जो शहीदों की स्मृति को सहेजने का एक सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है।
विदाई समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. हरीशंकर पटेल ने भी सैनिक कल्याण अधिकारी के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि कमांडर हयातउल्ला सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पूर्व सैनिकों को सम्मान और सहयोग दोनों मिला।
कार्यक्रम में भारतीय पूर्व सैनिक लीग इटावा के सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने कमांडर हयातउल्ला के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
