जनपद इटावा में मतदाता सूची को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एसआईआर अभियान के अंतर्गत व्यापक जनसंपर्क किया गया। इस क्रम में एसआईआर प्रवासी एवं औरैया के पूर्व जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने भरथना विधानसभा क्षेत्र की लखना नगर पंचायत में भ्रमण कर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बूथ संख्या 283, 284, 285, 286, 287, 288, 289, 290, 291 एवं 292 पर घर-घर जाकर संपर्क किया गया। इस दौरान पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य किया गया। जनसंपर्क के माध्यम से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निरंतर जनसंपर्क कर अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य करें, जिससे आने वाले चुनावों में जनभागीदारी बढ़ सके।

एसआईआर प्रवासी भुवन प्रकाश गुप्ता ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल नए मतदाताओं को जोड़ने में सहायक है, बल्कि लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक भी कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस तरह के प्रयासों से मतदाता सूची और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोकतंत्र की नींव मजबूत होगी।

