विकास खण्ड महेवा के खण्ड विकास अधिकारी (BDO) ब्रजबिहारी त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत सुनवार्षा में निर्मित अध्ययन केन्द्रों का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

त्रिपाठी ने अध्ययन केन्द्रों का निरीक्षण कर उनकी व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि इन केन्द्रों की स्थापना से ग्राम स्तर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध होंगे।

खण्ड विकास अधिकारी ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे इन केन्द्रों का पूर्ण उपयोग कर शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान, सचिव, अध्यापकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
