इटावा। आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को गरिमामय और भव्य रूप से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर सुबह 9 बजे सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन मूल्यों, सत्य, अहिंसा, राष्ट्रीय एकता और अंत्योदय की अवधारणा पर प्रकाश डाला जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में गांधीवादी विचारधारा पर आधारित वाद-विवाद, भाषण और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों से जोड़ने का अवसर मिल सके।
बैठक में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देने का अवसर है।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को समारोह का प्रमुख हिस्सा बनाते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद और पंचायत राज विभाग को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, विशेषकर मलिन बस्तियों में व्यापक सफाई अभियान चलाने के लिए कहा गया। इसके साथ ही शास्त्री चौराहा स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा सहित अन्य महापुरुषों की मूर्तियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई एवं चूना छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर जनपद की सभी शराब और मांस की दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से निरीक्षण एवं निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शासन के आदेशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके।
खेल गतिविधियों के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम में “फिट इंडिया फ्रीडम रन” का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अपर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होंगे।
स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे जिलाधिकारी द्वारा कुष्ठ एवं टीबी रोगियों को फल वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा कांशीराम कॉलोनी में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में जांच, परामर्श और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके आदर्शों को भी जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, सर्वधर्म समभाव, स्वावलंबन और पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती और शास्त्री जयंती राष्ट्रीय महत्व के आयोजन हैं और इन्हें जनभागीदारी के साथ सफल बनाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, सीओ ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
