नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने असम राइफल्स के स्थापना दिवस के अवसर पर वीर जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी है।
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि असम राइफल्स के जवान देश के पूर्वोत्तर के दुर्गम क्षेत्रों में हमारी सीमाओं की सुरक्षा करते हुए अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय देते हैं। उन्होंने कहा कि यह बल न केवल सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि मानवीय सहायता के माध्यम से विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास कायम करने का कार्य भी करता है।
गृह मंत्री ने राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले असम राइफल्स के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि असम राइफल्स के जवान भविष्य में भी इसी समर्पण और साहस के साथ देश की सेवा करते रहेंगे।
