नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से फोन पर बातचीत कर उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा दोहराई। उन्होंने कहा कि इन हमलों में निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक अवसंरचना को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जो अत्यंत निंदनीय है।
दोनों नेताओं ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर भी सहमति व्यक्त की। यह जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा कि भारत और यूएई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इस बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा, “मेरे भाई, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, महामहिम शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से बात की और उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।”
