शहर को स्मार्ट और सुंदर बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक नई और सराहनीय पहल शुरू की है। जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के निर्देशन में शहर के दो प्रमुख चौराहों को स्थानीय कारोबारियों द्वारा गोद लिया गया है, जहां शीघ्र ही सुंदरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।

इस पहल के तहत शास्त्री चौराहा पर लगभग 8 लाख रुपये की लागत से हाईटेक लाइटिंग, आधुनिक डिजाइन और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे चौराहा रात के समय पूरी तरह जगमगाता नजर आएगा और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। शास्त्री चौराहा को गोद लेने वाले सेन्को गोल्ड के संचालक पृथ्वी मिश्रा ने बताया कि दिल्ली के अनुभवी आर्किटेक्ट से चौराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा, जिससे इसे आधुनिक और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।

वहीं लुहन्ना चौराहा से ग्वालियर तिराहा तक सड़क और डिवाइडर को नया लुक दिया जाएगा। डिवाइडर पर पौधारोपण के साथ-साथ विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरा मार्ग सुंदर और आकर्षक दिखाई देगा। लुहन्ना चौराहा को गोद लेने वाले शिवम शर्मा ने बताया कि लुहन्ना चौराहा से ग्वालियर तिराहा तक डिवाइडर का सुंदरीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य चौराहों को भी इसी तरह गोद देने की योजना है। इस पहल से इटावा न केवल अधिक सुंदर बल्कि स्मार्ट सिटी की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ा चुका है।
