भारतीय सभ्यता और संस्कृति का सुदूर देशों में प्रचार-प्रसार करने वाले महान विचारक स्वामी विवेकानंद की जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को सत्यनारायण समाज सेवा संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा एसएसपी चौराहा स्थित पार्क में उनकी प्रतिमा पर घी के दीप जलाकर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर संस्था की सचिव डॉ. ज्योति वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में अपने ओजस्वी और प्रभावशाली भाषण से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। स्वामी विवेकानंद करोड़ों युवाओं के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उनकी जयंती पर दीपांजलि अर्पित करना शुभ और फलदायी माना जाता है, क्योंकि यह नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर आध्यात्मिक शुद्धता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस मौके पर अमृषा पटेल, वैष्णो, शालिनी वर्मा, शिखा पाल, जितेंद्र भदौरिया, प्रमोद राठौर, मुकेश बाबू, अखिलेश कौशिक, देवेंद्र सिंह चौहान, निर्मल सिंह कुशवाहा, अमित शर्मा, विवेक रंजन गुप्ता, राजेंद्र वर्मा, मुनिराज वर्मा, मनीष कुमार, उत्तम सिंह, गुलशन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

