बकेवर। आगरा कानपुर नेशनल हाईवे पर थाना क्षेत्र में गांव सुनवर्षा रजवाह के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 65 वर्षीय कीरत सिंह और उनके आठ वर्षीय पौत्र अंश यादव की मौत हो गई।
औरैया कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सिमार के निवासी कीरत सिंह अपने बीमार पौत्र अंश यादव को इटावा शहर में डॉक्टर से दवा दिलवाकर मंगलवार को बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से महेवा सीएचसी भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मंगलवार रात 10 बजे इलाज के दौरान अंश यादव ने दम तोड़ दिया, जबकि कीरत सिंह की भी कुछ देर बाद मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।