अखिल भारतीय श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, इटावा शाखा द्वारा दो दिवसीय वार्षिक हरि नाम संकीर्तन उत्सव का आयोजन 22 एवं 23 मार्च को किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उत्सव के प्रथम दिवस 22 मार्च को सायंकाल भव्य झांकियों के साथ नगर संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। रेलवे स्टेशन के पास स्थित जौली होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में शाखा के अध्यक्ष राकेश चंद्र पाठक ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार भी भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
22 मार्च को प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक माया मैरिज होम में संकीर्तन होगा, जिसके बाद सभी भक्त श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। सायंकाल 5 बजे से भव्य झांकियों सहित नगर शोभायात्रा निकलेगी, जिसका शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया करेंगी। यह शोभायात्रा श्री सिद्ध गुफा गोशाला से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए माया मैरिज होम पर समाप्त होगी। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालु आरती एवं पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत करेंगे।
शाखा के सचिव नारायण किशोर वाजपेई ने बताया कि इस बार शोभायात्रा में गणेश भगवान, शंकर भगवान, बड़े हनुमानजी, काली माता, राधा कृष्ण, दुर्गा माता, कृष्ण-अर्जुन, राम-जानकी, राम दरबार तथा श्री राधा माधव युगल सरकार की परंपरागत पालकी की झांकियां होंगी। यह शोभायात्रा पूर्ण भक्तिभाव और संयमित ढंग से निकाली जाएगी, जिसमें अबीर-गुलाल का प्रयोग नहीं किया जाएगा। संकीर्तन कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संकीर्तन सम्राट शामिल होंगे, जिनमें युधिष्ठिर जी (बरेली), सुनील मलिक (बरेली), अश्वनी ग्रोवर (लुधियाना), राजीव शास्त्री (सोनीपत), सलिल श्रीवास्तव (गाजियाबाद), विवेक सबलोक (अंबाला) प्रमुख हैं।
23 मार्च को प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक माया मैरिज होम में संकीर्तन और प्रसाद वितरण होगा। सायंकाल 6 बजे से कीर्तिशेष विनोद अग्रवाल के शिष्य रवीश मिश्रा द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भाजपा नेता शिव महेश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता में शाखा के कोषाध्यक्ष राम मनोहर दीक्षित सहित आयोजन मंडल के सदस्य अरविंद पोरवाल, नरेश चंद्र यादव, फुरकान अहमद, जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल, राजेश कुमार वाजपेई, राजेंद्र सिंह वर्मा, प्रेम किशोर द्विवेदी, जय सिंह पटेल, महिला अध्यक्ष मनीषा शुक्ला, अनिल मिश्रा गुल्ली, राजीव अवस्थी, अमित दुबे सिबलू विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन मंडल ने सभी भक्तजनों से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।