इटावा। जिला पूर्ति विभाग सरकार के राशन का लाभ ले रहे बड़ी संख्या में अपात्र लोगों के राशन कार्ड को निरस्त करने के लिए अभियान चलाएगा। यह प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी कर ली जाएगी।यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि शासन से एक सूची आई है। जिसमें जिले भर में 9 हजार लोग गलत तरह से राशन का लाभ ले रहे हैं।यह सभी राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे।
उन्होंने कहा की पुरे जिले भर में 2 लाख 96 हजार 552 राशन कार्ड धारक हैं।जिसमें पात्र गृहस्थी के 1 लाख 53 हजार 484 और अंतोदय के 1 लाख 41 हजार 135 कार्ड धारक हैं।जिसके तहत अंतोदय कार्ड धारक को प्रत्येक माह 35 किलो राशन दिया जाता है।
जिसमें 9 हजार लोग अपात्र होने के बाद भी इसका लाभ ले रहे हैं।उन्होंने बताया की इस सूची में 5 हजार 5 सौ आयकरदाता, 2 हजार 5 सौ विधवा पेंशन के लाभार्थी 8 सौ ऐसे किसान शामिल हैं। जिनके पास 2 हेक्टेयर से अधिक खेतिहार जमीन है। यह जांच प्रक्रिया आधार कार्ड और पैन कार्ड कनेक्ट होने के बाद पूरी हुई है।
इसमें राशन कार्ड धारक ने अपने बैंक खातों में जैसे ही इस प्रक्रिया को पूरा किया है। वैसे ही असलियत सामने आ गई है। जिसके बाद आयकरदाता, विधवा पेंशन लाभार्थी व्यापारी और बड़े किसानों को राशन कार्ड से वंचित करने की सूची तैयार कर दी गई है।