इटावा पुलिस ने ऑटो चोर गैंग के तीन सदस्यों को तमंचा सहित गिरफ्तार कर 24 घंटे पूर्व हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के ऑटो सहित तीन अपराधियों को इटावा शहर के 22 ख्वाजा के पास से दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कांस से ऑटो चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा ₹10,000 नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में फैजान पुत्र मुर्सलान निवासी अजमेरी गेट थाना रामगढ़ फिरोजाबाद, अनुराग पुत्र मुकेश निवासी नगला कांस सिविल लाइन इटावा तथा चरण सिंह उर्फ बॉबी पुत्र रुस्तम सिंह निवासी नगला खगोली शामिल हैं। सभी को विधिक कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है।