लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर निवासी एक 25 वर्षीय युवक ने पत्नी से हुए झगड़े के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान राम सिंह उर्फ श्याम सिंह के रूप में हुई है। इस घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है और वे रो-रोकर अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं।
मृतक के पिता ऊदल सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर को उनके बेटे राम सिंह और उसकी पत्नी के बीच किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े से नाराज होकर राम सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उसे सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान राम सिंह ने दम तोड़ दिया।
इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है। राम सिंह अपने पीछे दो छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गया है। लवेदी थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद युवक ने जहर खा लिया था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।