इटावा। राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद, उत्तर प्रदेश का 26वाँ प्रांतीय कर्मचारी सम्मेलन आगामी 7 अप्रैल 2025, सोमवार को नगर पालिका परिषद, बुलंदशहर में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी परिषद के प्रांतीय महामंत्री राजीव यादव ने दी।
राजीव यादव ने बताया कि इस सम्मेलन में प्रदेश के निकाय कर्मचारियों की शासन में लंबित 15 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की जाएगी। मुख्य रूप से पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और प्रदेश की निकायों में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे कर्मचारियों के हितों से जुड़े हैं और उनकी मांगों को शासन तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन में प्रमुख वक्ताओं के रूप में प्रांतीय कर्मचारी नेता कुशलपाल सिंह (बुलंदशहर), अब्दुल खालिद (रामपुर), अरविंद प्रताप सिंह धनगर (इटावा), डॉ. वीरेंद्र शास्त्री (मथुरा), प्रमोद राजपूत (इटावा), नीरज राजपूत (प्रवक्ता, इटावा), आनंद प्रकाश शुक्ला (इटावा), वीरेंद्र पाल सिंह जादौन (एटा), वीरेश्वर यादव (शिकोहाबाद), उमाशंकर गुप्ता (अयोध्या), सुनील टैगोर (टूंडला), अनिल बाजपेई (इटावा), मदन गोपाल गुप्ता (गुलावटी) और राम विलास यादव (इटावा) शामिल होंगे।
प्रांतीय महामंत्री राजीव यादव ने प्रदेश के निकाय कर्मचारियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में इस सम्मेलन में भाग लें और अपनी मांगों को मजबूती से रखें। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान ढूंढने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा।